Election 2025

निगम कोरबा का मेयर चुनाव, मंत्री देवांगन के लिए बना प्रतिष्ठा वाला

Mayor election of Corporation Korba : कोरबा, 31 जनवरी। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद नगर पालिक निगम, कोरबा के महापौर पद के चुनावी मैदान की तस्वीर साफ हो गई है। महापौर पद की दौड़ में 11 उम्मीदवार मैदान पर रह गए हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा बनाम कांग्रेस होना है।

इधर, नगर पालिक निगम, कोरबा के महापौर का चुनाव पार्टी और उम्मीदवार से कहीं अधिक कोरबा विधायक एवं छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के लिए प्रतिष्ठा वाला बन गया है। क्योंकि भाजपा प्रत्याशी संजू देवी राजपूत को जीत दिलाने का दारोमदार लखन लाल देवांगन के कंधो पर है। एक साल पहले विधानसभा चुनाव में श्री देवांगन ने कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता जयसिंह अग्रवाल को बड़े अंतर से पराजित किया था।

महापौर चुनाव का परिणाम यह बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान लखन लाल देवांगन के प्रति बना समर्थन बरकरार है या नहीं। प्रदेश की साय सरकार और कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन के एक साल का कामकाज का पता भी मेयर इलेक्शन के रिजल्ट से चलेगा।

बीते 10 साल से नगर पालिक निगम, कोरबा में कांग्रेस का कब्जा रहा है। इस लिहाज से कांग्रेस के प्रति एंटी इनकंबेंसी की स्थिति बनती दिख रही है। विधानसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जो हताशा की स्थिति निर्मित हुई थी वो हालात अभी भी वैसे ही हैं। ऐसे में भाजपा को इसका फायदा मिल सकता है।

दूसरी ओर कांग्रेस उम्मीदवार उषा तिवारी कोरबा शहर का एक जाना पहचाना नाम और चेहरा है। उन्होंने 2014 में बतौर निर्दलीय प्रत्याशी महापौर का चुनाव लड़ा था। कांग्रेस पार्टी ने एकजुटता दिखाई तो चुनाव दिलचस्प और संघर्षपूर्ण हो सकता है।

Related Articles

Back to top button