Election 2024

कोरबा निगम : मेयर पद के लिए भाजपा से ऋतु का पलड़ा भारी, कांग्रेस से रेणु फिर लगा सकती हैं जोर

कोरबा, 07 जनवरी (Punch Media Desk) : नगरीय निकाय चुनाव के तहत 14 निगमों में महापौर पद के आरक्षण की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी कर ली गई। नगर पालिक निगम, कोरबा (Korba Corporation) का मेयर पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है। अब इस लिहाज से दावेदार सक्रिय हो जाएंगे और राजनीतिक दल उम्मीदवारों के चयन में जुट जाएंगे।

इधर, भाजपा के राज्य की सत्ता में होने कारण दावेदारों की फेहरिस्त लंबी हो सकती है। प्रारंभिक तौर पर कुछ ऐसी महिलाओं के नाम सामने आ रहे हैं, जो पार्टी की ओर से मेयर चुनाव की टिकट के दावेदार हो सकते हैं। इसमें पहले नम्बर पर ऋतु चौरसिया का नाम है। ऋतु वर्तमान में नगर पालिक निगम, कोरबा की पार्षद हैं और महज एक वोट से पिछड़ने के कारण उन्होंने महापौर पद खो दिया था। ऋतु चौरसिया की दावेदारी को इसलिए भी मजबूत माना जा सकता है, क्योंकि वे आरएसएस की पृष्ठभूमि से आती हैं। आर्थिक तौर पर भी उनकी स्थिति बेहतर है। सहज और सौम्य स्वभाव उनके लिए माहौल बनाता है। ऋतु संगठन और इससे जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय हैं। लिहाजा भाजपा से महापौर की टिकट के लिए उनका पलड़ा भारी नजर आ रहा है।

भाजपा से उम्मीदवारी के लिए पूर्व पार्षद मंजू सिंह, वैशाली रत्न पारखी, उमा भारती सराफ, रूक्मणी नायर जैसे नाम भी चर्चा में आएंगे। भाजपा चुनावों के दौरान चौंकाने वाले निर्णय भी लेती है। ऐसे कोई किसी नए नाम पर मुहर लग जाए तो आश्चर्य की बात नहीं होगी। फिर कोरबा से मंत्री भी हैं। निश्चित तौर पर उनकी पसंद को भी तरजीह दी जा सकती है।

कांग्रेस से रेणु हो सकती हैं प्रबल दावेदार

दूसरी कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी के दावेदारों पर भी चर्चा होनी है। 10 साल से निगम की सत्ता पर कांग्रेस काबिज है। माना जा रहा है कि रेणु अग्रवाल कांग्रेस से टिकट की सबसे बड़ी दावेदार होंगी। निगम में वे चौथी महापौर रह चुकी हैं। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल अपनी पत्नी को फिर से निगम की सत्ता पर बिठाने के लिए पूरा जोर लगाएंगे, इसकी पूरी संभावना है। कुछ समय से इसकी चर्चा की चल रही है। महापौर रहते रेणु अग्रवाल का कार्यकाल कुछ बेहतर रहा है। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश परसाई भी अपनी पत्नी के लिए लॉबिंग कर सकते हैं। कांग्रेस से उषा तिवारी जैसे नाम भी सामने आएंगे। उषा तिवारी ने कांग्रेस से बगावत कर महापौर का चुनाव भी लड़ा था।

दूसरी बार सामान्य महिला के लिए आरक्षित

यहां बताना होगा कि नगर पालिक निगम, कोरबा के महापौर का पद दूसरी बार सामान्य महिला के लिए आरक्षित हुआ है। पहला चुनाव एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हुआ था। दूसरा ओबीसी, तीसरा सामान्य, चौथा सामान्य महिला, पांचवा ओबीसी के लिए आरक्षित हुआ था।

Related Articles

Back to top button